संसद में मोदी सरकार डिलिमिटेशन बिल लाने जा रही है। अप्रैल में बिल पास नहीं होने के बाद इस बार सरकार ने पूरी तैयारी की है। दोनों सदनों से पास होने के बाद देशभर में लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 816 हो जाएंगी। इस बार सरकार को शरद पवार की एनसीपी-एसपी और एमके स्टालिन की डीएमके का भी समर्थन मिला है।

डीएमके के कई सांसदों ने शनिवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके घर पर मुलाकात की और अहम बैठक के बाद पार्टी का रुख बताया। पार्टी ने डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण बिल को समर्थन देने की घोषणा की। बैठक के बाद डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि हम गृह मंत्री और सरकार को अपना रुख बताने आए थे। उन्होंने कहा कि आज सुबह पार्टी नेता एमके स्टालिन ने सांसदों की बैठक बुलाई थी, जिसमें बिल पर रुख तय किया गया और बयान जारी किया गया।

कनिमोझी ने कहा कि डीएमके ने बिल को समर्थन देने का फैसला किया है, क्योंकि पार्टी ने जो मांगें रखी थीं, उन्हें बिल का हिस्सा बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अगले 25 सालों तक रोक रखने पर जोर दिया था, जो बिल में शामिल है। उनके मुताबिक, सरकार ने सीटों की संख्या 1971 के आधार पर बढ़ाने की बात मानी है और उस पर 25 साल की रोक भी स्वीकार की गई है। इससे तमिलनाडु के सांसदों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो जाएगी और बिल पास होने के बाद महिला आरक्षण बिल लागू हो जाएगा।

इससे पहले डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने बिल को समर्थन देने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि इसमें डीएमके की दो मुख्य मांगें शामिल हैं। उनके मुताबिक, लोकसभा में 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी में कटौती न करना और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखना पार्टी की मांगें हैं, जिन्हें नए विधेयक में लिखित रूप में शामिल किया गया है। स्टालिन ने इसे 2024 से डीएमके के संघर्ष की जीत और तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत बताया।