मैनुअल कार में गियर बदलते समय क्लच पैडल अटक जाना एक आम समस्या है, जिसके कारण गाड़ी चलाना लगभग असंभव हो जाता है। आमतौर पर यह दिक्कत हाइड्रोलिक क्लच सिस्टम में खराबी से आती है, जबकि कुछ कारों में टूटा हुआ केबल या रिटर्न स्प्रिंग भी इसका कारण हो सकता है। ऐसे में पैडल को बार-बार दबाने या जबरदस्ती गाड़ी चलाने से नुकसान बढ़ सकता है।

आधुनिक मैनुअल कारों में मास्टर सिलेंडर, हाइड्रोलिक लाइन और स्लेव सिलेंडर के जरिए फ्लूइड प्रेशर से क्लच काम करता है। लीकेज के कारण फ्लूइड कम होने पर सिस्टम पर्याप्त प्रेशर नहीं बना पाता और पैडल ढीला होकर नीचे बैठ जाता है। ऐसे में इंजन बे में फ्लूइड रिजर्वॉयर का लेवल जांचें; कई कारों में ब्रेक और क्लच का रिजर्वॉयर एक ही होता है। पहले लीकेज ठीक कराएं, फिर कंपनी द्वारा बताया गया फ्लूइड भरें।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मास्टर सिलेंडर पैडल के प्रेशर को हाइड्रोलिक प्रेशर में बदलता है। समय के साथ इसकी अंदरूनी सील घिसने या रिटर्न स्प्रिंग टूटने पर पैडल धीरे-धीरे नीचे जाने लगता है और ऊपर नहीं आता; ऐसे में लीकेज जांचें और खराब होने पर सिलेंडर बदलवाना ही उपाय है। वहीं स्लेव सिलेंडर क्लच रिलीज मैकेनिज्म को चलाता है, और उसकी सील खराब होने पर क्लच ठीक से काम नहीं करता। सिलेंडर और हाइड्रोलिक कनेक्शंस की जांच करें और लीकेज मिलने पर खराब स्लेव सिलेंडर बदलें।

क्लच हाइड्रोलिक सर्किट में एयर आ जाने से पैडल ढीला हो जाता है और पूरा प्रेशर आगे नहीं बढ़ पाता, जबकि पाइप में कचरा फंसने से फ्लूइड का रास्ता रुक जाता है और पैडल अटक जाता है। ऐसे में मैकेनिक को दिखाकर हाइड्रोलिक सिस्टम की जांच कराएं और ब्लॉक पाइप को साफ करें या बदलें। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति में कार नहीं चलानी चाहिए, क्योंकि पैडल नीचे अटका होने पर इंजन और गियरबॉक्स अलग नहीं हो पाते और जबरदस्ती गियर लीवर दबाने से गियरबॉक्स के महंगे पुर्जे टूट सकते हैं। गाड़ी को सड़क किनारे पार्क करें, इंजन बंद करें और रोडसाइड असिस्टेंस या टोइंग वैन की मदद से कार को नजदीकी वर्कशॉप ले जाएं।