रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को समझते हैं। सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देने के साथ धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके खातों में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि कम उत्पादन के कारण प्रदेश का कोई भी किसान इस लाभ से वंचित न रहे। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
साय ने कहा कि देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस प्रकार आर्थिक लाभ दिया जा रहा है, वैसा लाभ किसी अन्य राज्य के किसानों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की व्यवस्था ऐसी हो कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें अधिकतम सुविधाएं घर बैठे मिल सकें, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए किसानों का हित सर्वोपरि है और धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता तक हर स्तर पर किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अन्नदाता की समृद्धि ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
