मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक मामला सामने आया है, जिसमें 68 वर्षीय बृजमोहन श्रीवास्तव का प्रोस्टेट कैंसर के इलाज का क्लेम बीमा कंपनी स्टार हेल्थ ने खारिज कर दिया था। श्रीवास्तव ने दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट में इलाज के दौरान हुए खर्चों के लिए 26,803 रुपये का क्लेम किया था। बीमा कंपनी ने यह कहते हुए दावा खारिज किया कि श्रीवास्तव को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया था, बल्कि उन्होंने आउटपेशेंट (ओपीडी) के तौर पर इलाज कराया था और पॉलिसी में केवल इनपेशेंट ट्रीटमेंट के खर्च ही कवर होते हैं। कंपनी का यह भी तर्क था कि हर क्लेम का मूल्यांकन उसके अपने तथ्यों के आधार पर होना चाहिए और पहले के क्लेम पास होने का मतलब यह नहीं कि आगे भी हर बार रिइम्बर्समेंट मिलेगी।

मामला कंज्यूमर कोर्ट पहुंचा। ग्वालियर जिला उपभोक्ता आयोग ने पाया कि बीमा कंपनी ने श्रीवास्तव के इस दावे पर कोई विशेष आपत्ति नहीं जताई थी कि उसने पहले भी इसी पॉलिसी के तहत डे-केयर इलाज से जुड़े दावों का भुगतान किया था। साथ ही, कंपनी आयोग का ध्यान पॉलिसी की ऐसी किसी विशेष शर्त की ओर भी नहीं दिला पाई, जो मौजूदा दावे को खारिज करने को सही ठहराती हो। आयोग ने माना कि बीमा कंपनी दावे को खारिज करने का कोई ठोस आधार नहीं दे पाई।

आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा और सदस्य रेवती रमन मिश्रा द्वारा पारित आदेश में दावे को खारिज करने का फैसला रद्द कर दिया गया और कंपनी को सेवा में कमी का दोषी माना गया। 5 नवंबर के अपने आदेश में आयोग ने 'स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी' को निर्देश दिया कि वह 45 दिनों के भीतर श्रीवास्तव को 26,803 रुपये का भुगतान करे। साथ ही, मानसिक परेशानी के लिए 2,000 रुपये और कानूनी खर्च के लिए 1,500 रुपये देने का भी आदेश दिया गया।

आयोग ने अपने आदेश में कहा कि यदि बीमा कंपनी 45 दिनों के भीतर भुगतान नहीं करती है, तो उसे तय समय-सीमा खत्म होने से लेकर वास्तविक भुगतान की तारीख तक, उस राशि पर 6% वार्षिक ब्याज देना होगा।