कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 'कॉकरोच क्लब' की शुरुआत की है। पार्टी से जुड़े आशुतोष रांका ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि क्लब की शुरुआत हो चुकी है और पूरा एपिसोड जल्द जारी किया जाएगा। रांका ने अपने एक्स हैंडल पर 11 तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें कलाकार प्रदर्शन करते और दर्शक नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में रांका और सौरव दास स्टेज पर दिखते हैं, जबकि सौरव माइक पर बोल रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में अजिंक्य शिंदे हैं, जिन्होंने उस प्रदर्शन का नेतृत्व किया था जब पुलिस ने CJP के नेताओं को हिरासत में लिया था। एक तस्वीर में पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह और उनके बगल में स्टैंड अप कॉमेडियन मराठी कपिल भी दिखाई देते हैं।
इन तस्वीरों में पार्टी के कई बड़े चेहरे नजर आते हैं, लेकिन मुखिया अभिजीत दीपके कहीं नहीं दिखते। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दीपके ने इसमें भाग नहीं लिया।
पार्टी ने पहले बताया था कि इस क्लब में कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चाओं के जरिए महात्मा गांधी की विचारधारा और देश में उनके योगदान के बारे में युवाओं को जानकारी दी जाएगी और जागरूकता फैलाई जाएगी। पार्टी के मुताबिक, इस पहल का मकसद गांधीजी के विचारों को पारंपरिक चर्चाओं से बाहर निकालकर ऐसे रूप में पेश करना है जो आज की युवा पीढ़ी से जुड़ सके।
पार्टी की योजना के अनुसार, पहले कदम के तौर पर शनिवार (21 नवंबर) को पुणे में 'लिगेसी ऑफ बापू' का पहला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और इसी कार्यक्रम के साथ 'कॉकरोच क्लब' की भी शुरुआत होगी।
