लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठनात्मक कार्यक्रमों में अनुशासनहीनता और गैरहाजिरी पर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीते गुरुवार, 26 नवंबर को लखनऊ आगमन पर आयोजित कार्यक्रम और 'संविधान बचाओ मार्च' में कई प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों की अनुपस्थिति पर पार्टी नेतृत्व ने गहरी नाराजगी जताई है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने शुक्रवार को सख्त आदेश जारी कर अनुपस्थित रहने वाले सभी साथियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। निर्देश में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और 'संविधान बचाओ मार्च' जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों की गैरहाजिरी बेहद गंभीर विषय है। अनुपस्थित सभी प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को अपनी गैरहाजिरी का स्पष्ट कारण बताते हुए तत्काल लिखित जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।

पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को सख्त हिदायत दी है कि वे इस निर्देश को पूरी गंभीरता से लें। आदेश में साफ किया गया है कि संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय उपस्थिति और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेही पूरी तरह अनिवार्य है।

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच यूपी कांग्रेस के इस कदम को संगठन में अनुशासन और जवाबदेही तय करने की बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है।