संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने भारतीय संविधान को लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता का आधार बताया तथा संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर को नमन किया।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने संविधान दिवस पर देश को प्रगतिशील संविधान देने वाले भारत रत्न भीमराव अंबेडकर और सभी देशभक्तों को नमन किया तथा सभी को भारतीय संविधान दिवस और राष्ट्रीय कानून दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत का संविधान एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प का सशक्त आधार है। उन्होंने लोगों से अंबेडकर की ओर से रचित संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हमारा संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और अखंडता का आधार है। उन्होंने लोगों से संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने की अपील की। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था का आधार नहीं, बल्कि भारत की विविधता, गरिमा और जनआकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदारियों के निष्ठापूर्वक निर्वहन और समृद्ध, सशक्त तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने की बात कही।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव संविधान के मूल्यों में निहित है, जो प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने संविधान के शिल्पकार भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत करने की अपील की। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी और बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने की बात कही।