जम्मू-कश्मीर में CRPF की पोस्ट पर हमले के संबंध में मंगलवार को एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार कैंप की रैकी करते दिख रहे हैं। 56 सेकंड के इस वीडियो में दोनों को टैक्सी से उतरकर कैंप की ओर जाते देखा जा सकता है। दोनों की कैंप की ओर जाते एक फोटो भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन दोनों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।
सुरक्षाबलों ने सोमवार को इनमें से एक आतंकी उमर को मार गिराया, जबकि लतीफ की तलाश जारी है। हालांकि, एक दिन पहले सेना ने लतीफ के मारे जाने की बात कही थी। जांच के अनुसार, उमर ने लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर मीर बाजार, अखरन, हबलीश और कुलगाम सहित कई जगहों की रैकी की थी। 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच में दोनों कई कैमरों में रैकी के दौरान आवाजाही और अखरन हमले के बाद भागते दिखाई दिए।
उमर के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि उमर पिछले 5 से 6 महीने से लतीफ भट को पनाह और अन्य मदद दे रहा था, और अखरन की घटना के तुरंत बाद वह TRF संगठन में शामिल हो गया था। हमले के बाद फरार हुए उमर और लतीफ को सोमवार को लारू में सुरक्षा बलों ने घेर लिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उमर मारा गया।
11 नवंबर को CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर हुए हमले के बाद कुलगाम के ग्रामीण इलाकों में सर्च ऑपरेशन लगातार सातवें दिन भी जारी है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों ने 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घरों, आसपास के कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों की गहन तलाशी ली जा रही है, और अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ली जा रही है। आने-जाने वाले रास्तों पर कई चेकपोस्ट बनाए गए हैं और नागरिकों की आवाजाही पर पाबंदियां जारी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि जांच के तहत कई अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं, जिनमें 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।
