ओडिशा के बालासोर जिले में बिस्किट चोरी के शक में एक दुकानदार ने अपने बेटे के साथ मिलकर 13 साल के लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, लड़का दुकानदार संतोष बेहरा की दुकान से बिना पूछे बिस्किट का पैकेट लेकर खाने लगा, जिस पर दुकानदार ने उस पर चोरी का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि लड़के ने पैसे देने की बात कही थी, लेकिन दुकानदार उसे दुकान के अंदर खींच ले गया और अपने बेटे मानस बेहरा के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद लड़के का शव दुकान के पीछे बन रहे एक निर्माणाधीन मकान में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुकान का ताला तोड़कर सीसीटीवी फुटेज वाली हार्ड डिस्क जब्त की और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दुकानदार और उसके बेटे को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के समझाने के बाद करीब 12 घंटे में प्रदर्शन खत्म हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
