बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' बुधवार सुबह 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदल गया है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। ओडिशा में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि आंध्र प्रदेश में तीन हफ्तों में तीसरे लैंडफॉल की आशंका के बीच तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक अकवान 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 19 नवंबर की शाम के आसपास 'बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान' में और तीव्र होने की आशंका है। 20 नवंबर की दोपहर में यह आंध्र तट से टकराएगा।
तूफानों के नामकरण से मौसम विज्ञान एजेंसियों, आपदा प्रबंधन अधिकारियों, मीडिया और आम जनता के लिए तूफान को पहचानना और चेतावनी फैलाना आसान होता है। एक ही क्षेत्र में एक साथ कई चक्रवात विकसित होने पर भ्रम की स्थिति भी दूर होती है। उत्तरी हिंद महासागर में नामकरण की व्यवस्था विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया एवं प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (UNESCAP) के तहत चलाई जाती है। इसमें 13 सदस्य देश बारी-बारी से नाम सुझाते हैं और हर देश 13 नाम देता है, यानी सूची में कुल 169 नाम हैं।
'अकवान' नाम ईरान ने इसी आधिकारिक सूची के तहत सुझाया है। इसकी जड़ें फारसी पौराणिक कथाओं में हैं और इसका जिक्र फिरदौसी की महाकाव्य 'शाहनामा' में 'अकवान-ए-दिव' नामक राक्षस जैसे पात्र के लिए हुआ है। कहानी के मुताबिक अकवान जंगली गधे का रूप धारण कर फारसी नायक रुस्तम पर हमला करता है और उसे हवा में उठा लेता है। अंत में रुस्तम इस लड़ाई से बच निकलता है और अकवान को हरा देता है।
