ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली की हवा फिर जहरीली हो गई है। सुप्रीम कोर्ट में बच्चों की कस्टडी से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस जेबी पारदीवाला ने खराब वायु गुणवत्ता पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में एक पिता ने अपनी अलग रह रही पत्नी पर आरोप लगाया था कि वह अदालत के पिता से मुलाकात करने देने के आदेश के खिलाफ बच्चों को सिंगापुर ले गईं।
जस्टिस पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच ने फैसला सुनाते हुए दिल्ली में रहने वाले पिता को सलाह दी कि जब तक प्रदूषण का स्तर नहीं सुधरता, तब तक वह सिंगापुर में रह रहे अपने बेटे को दिल्ली न लाएं। पीठ ने सुझाव दिया कि वह समय-समय पर बेटे से मिलने सिंगापुर जाएं और बेटी को एक हफ्ते के लिए अपने पास बुलाएं। पिता ने कहा कि अगर उनका बेटा स्कूल की छुट्टियों में दिल्ली आ सके तो यह भी अच्छा रहेगा।
इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मुस्कुराते हुए कहा, “कुछ इंतजाम कीजिए। लेकिन पहले दिल्ली का एक्यूआई थोड़ा नीचे आने दीजिए, क्योंकि सिंगापुर की हवा तो बहुत साफ है।” सुनवाई के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने भी कहा कि एक्यूआई से बचने के लिए हमें भी सिंगापुर चले जाना चाहिए। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने जवाब दिया, “अगले जन्म में। अपने अगले जन्म में।”
इस बीच दिल्ली में बुधवार को वायु गुणवत्ता एक बार फिर खराब हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को AQI 232 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। मंगलवार को हवा का स्तर थोड़ा सुधरा था, लेकिन बुधवार को यह फिर करीब 30 अंक बढ़ गया। इस दौरान PM 2.5 सबसे बड़ा पोल्युटर बना रहा। बुधवार को 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 33 में हवा की गुणवत्ता 'खराब', 20 में 'मध्यम' और पांच में 'बेहद खराब' श्रेणी में रही।
