नई दिल्ली: दिल्ली कैंट बोर्ड क्षेत्र में रहने वाले लोग अब चार मंजिला आवासीय भवन बना सकेंगे। यह सुविधा नए बिल्डिंग बायलॉज-2026 के तहत मिलेगी, जिसे लागू करने के लिए बोर्ड जल्द ही अधिसूचना जारी करेगा। बोर्ड के CEO रॉबिन बलेजा के अनुसार, नया बायलॉज अधिसूचित करने के लिए रक्षा मंत्रालय को भेज दिया गया है और जल्द ही यह अधिसूचित हो जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग बायलॉज-2002 में कैंट बोर्ड क्षेत्र में 11 मीटर (तीन मंजिला) ऊंचाई तक आवासीय भवन बनाने की अनुमति थी। नए बायलॉज में यह सीमा बढ़ाकर 15 मीटर कर दी गई है। स्टील्ट पार्किंग बनाने की स्थिति में भवन की ऊंचाई 16 मीटर तक हो सकती है। पुराने बायलॉज में छोटे और मध्यम आवासीय प्लॉटों के लिए अधिकतम FAR 100 से 180 के बीच सीमित था, जिसे 2026 के बायलॉज में बढ़ाकर 225 तक कर दिया गया है। छोटी बिल्डिंगों के लिए FAR अधिक रखा गया है। मार्केट एरिया में 60-175 वर्ग मीटर के दुकान-सह-मकान प्लॉट पर 100% ग्राउंड कवरेज की छूट दी गई है।
बोर्ड के अनुसार, आवासीय भवनों पर रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर कुल डिवेलपमेंट चार्ज का 50 फीसदी तक प्रोत्साहन राशि के रूप में रिफंड दिया जाएगा। नए बायलॉज में सिविल और नॉन-सिविल क्षेत्र हटाकर कैंट बोर्ड क्षेत्र को दो जोन में बांटा गया है।
अधिकारियों का कहना है कि पुराने बायलॉज में छोटे प्लॉटों पर भवन निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिसे नए बायलॉज में स्पष्ट कर दिया गया है। 50 मीटर से छोटे प्लॉटों पर भवन निर्माण नहीं किया जा सकता।
