दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी का सोमवार शाम पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी पर 8 राउंड फायर किए गए। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले में आरोपी नबील को पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने लाया गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे वह थाने पहुंचा और चाकू छिपाकर लाया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के गले और चेहरे पर वार किए। हमले में 9 जवान घायल हो गए। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया था।

पुलिस की एक टीम ने आरोपी को चितली कबर इलाके में घेर लिया, जहां उसने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला किया। एनकाउंटर में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। घायल 9 पुलिसकर्मियों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि नबील के खिलाफ 2022 में दरियागंज पुलिस स्टेशन में पहले से एक केस दर्ज है। उसके खिलाफ जामा मस्जिद और चांदनी महल पुलिस स्टेशनों में भी केस दर्ज किया जा रहा है।