दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी (बाल वाटिका-1), एलकेजी (बाल वाटिका-2), यूकेजी (बाल वाटिका-3) और पहली कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी। अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे। स्कूलों को अपने दाखिला मानक और उनके लिए निर्धारित अंक 26 नवंबर तक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करने हैं।
इस बार भी दाखिले में सबसे अधिक महत्व घर से स्कूल की दूरी को दिया जा रहा है। कई स्कूल नेबरहुड (पड़ोस) के लिए 100 में से 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी कर रहे हैं। मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल ने 100 अंकों का फार्मूला तैयार किया है, जिसमें नेबरहुड को 70 अंक दिए गए हैं। स्कूल ने दूरी के आधार पर तीन श्रेणियां बनाई हैं—शून्य से एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को 70 अंक, एक से आठ किलोमीटर तक वालों को 60 अंक और आठ किलोमीटर से अधिक दूरी वालों को 50 अंक मिलेंगे। सिबलिंग के 20 और एल्युमिनी के 10 अंक निर्धारित किए गए हैं। उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई स्कूल भी पड़ोस के मानक को 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी में हैं।
भाई-बहन और पूर्व छात्रों के बच्चों को भी अतिरिक्त अंकों का लाभ मिलेगा। किसी एक मानक के तहत सीटों से अधिक आवेदन आने पर स्कूलों के सामने लॉटरी के जरिए चयन का विकल्प रहेगा। शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को दाखिला मानक तय करने की छूट दी है, लेकिन अभिभावकों की शैक्षणिक योग्यता, नौकरीपेशा होना, बच्चों की खेल उपलब्धि, स्कूल परिवहन का इस्तेमाल, नशा या धूम्रपान नहीं करने और पहले आओ-पहले पाओ जैसे आधारों पर अंक देने पर रोक लगाई है।
मनमाने दाखिला मानकों पर शिक्षा निदेशालय की कड़ी नजर रहेगी। इन नियमों के उल्लंघन की निगरानी जिला स्तर पर गठित मॉनिटरिंग सेल करेंगे।
