पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान रिश्तों में तल्खी के बावजूद शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के मंच पर दोनों देशों के बीच संपर्क की संभावना बन रही है। पाकिस्तान अगले साल की शुरुआत में अपनी अध्यक्षता में होने वाली SCO संस्कृति मंत्रियों की बैठक के लिए भारत को आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, भारत इस न्योते पर क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इससे पहले भारत ने नई दिल्ली में आयोजित SCO की पहली सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तान को न्योता दिया था, जिसमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए थे। अब सबकी नजर इस बात पर है कि भारत संस्कृति मंत्रियों की बैठक में किस स्तर पर भागीदारी करता है।

अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद से किसी भी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। इस दौरान विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी सितंबर में SCO के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। यह दौरा पाकिस्तान के संगठन की अध्यक्षता संभालने के कुछ ही समय बाद हुआ था और इसका उद्देश्य इस्लामाबाद की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर तय करना था। संस्कृति मंत्रियों की बैठक को भारत के लिए अपेक्षाकृत कम संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राजनीतिक स्तर पर प्रतिबद्धताएं सीमित रहेंगी। इसके उलट विदेश और रक्षा मंत्रियों की बैठकें अधिक संवेदनशील हो सकती हैं।

संस्कृति मंत्रियों की बैठक के बाद पाकिस्तान SCO के विदेश और रक्षा मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठकों की मेजबानी भी करेगा। इनके बाद अगस्त में इस्लामाबाद में संगठन का राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। पाकिस्तान पहले इस सम्मेलन को 14 अगस्त को आयोजित करने पर विचार कर रहा था, लेकिन अब इसे अगस्त के आखिरी हिस्से में कराने की तैयारी है। इस सम्मेलन में भारत की ओर से आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होते हैं, लेकिन भारतीय अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा परिस्थितियों में प्रधानमंत्री मोदी का इस्लामाबाद जाना बेहद मुश्किल नजर आता है। भारत के सामने एक विकल्प यह भी है कि वह किसी वरिष्ठ मंत्री को पाकिस्तान भेजे। विदेश मंत्री एस जयशंकर इस भूमिका के संभावित दावेदार हो सकते हैं। 2024 में भी प्रधानमंत्री की जगह एस जयशंकर ने कजाकिस्तान में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अक्टूबर 2024 में भी वे SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए पाकिस्तान गए थे।

नई दिल्ली में आयोजित सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक की मेजबानी पर विपक्ष ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद भारत ने स्पष्ट किया था कि सिंधु जल संधि पर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और पहलगाम हमले के बाद यह संधि स्थगित रखी गई है। भारत लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि SCO जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्तों में सुधार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उस बैठक में मुसादिक मलिक ने भी प्रोटोकॉल का पालन किया और द्विपक्षीय विवादों के बजाय SCO से जुड़े बहुपक्षीय मुद्दों पर ही बात की। भारत के लिए पाकिस्तान के साथ संबंधों में नरमी की गुंजाइश तभी बन सकती है, जब सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के रुख में बुनियादी बदलाव दिखाई दे। भारत का जोर सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर ठोस प्रगति पर है।