असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बीएसएफ का एक जवान बराक नदी में लापता हो गया है। पुलिस के मुताबिक, जवान संदिग्ध मवेशी तस्करों का पीछा करते हुए नदी में कूदा था। लापता जवान की पहचान कांस्टेबल (जीडी) के. वेणु के रूप में हुई है, जो कटिगोरा स्थित हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट में तैनात था। उसके साथ हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव भी थे।
कछार के पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने बताया कि सोमवार तड़के बीएसएफ के कंपनी कमांडर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कमांडर के अनुसार, सुरक्षा बल को खुफिया सूचना मिली थी कि हरिनगर सीमा क्षेत्र से चार से पांच अज्ञात लोग मवेशियों की तस्करी करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर दोनों जवान संदिग्धों को रोकने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, जवानों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो वे कथित तौर पर नदी में कूद गए, जिसके बाद दोनों जवान भी उनका पीछा करते हुए नदी में उतर गए।
नदी में कूदने के बाद हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव तैरकर सुरक्षित किनारे पर पहुंच गए, लेकिन कांस्टेबल के. वेणु लापता हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह ब्योरा बीएसएफ कमांडर से मिली जानकारी के आधार पर दिया गया है। लापता जवान की तलाश के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और नदी पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। खबर लिखे जाने तक जवान का कोई सुराग नहीं मिला था। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बल को घटना की जानकारी है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस बीच, स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि बांग्लादेश से आए अज्ञात लोगों ने जवान का अपहरण कर लिया है। उनका यह भी कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। हालांकि, बीएसएफ अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के इस दावे पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी साल जनवरी में कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के जीरो पॉइंट से एक भारतीय किसान का कथित तौर पर बांग्लादेशी लोगों के एक समूह ने अपहरण कर लिया था, जो करीब 12 घंटे बाद लौट आया था।
