कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शीर्ष नेता आशुतोष रांका ने दावा किया है कि जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोग भी उनका समर्थन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों के बच्चों ने उन्हें समर्थन के संदेश भेजे हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है। रांका ने यह बातें हस्तक्षेप पॉडकास्ट में कहीं।

रांका ने कहा कि जंतर मंतर पर कई काउंसलर और एमएलए आते थे, जो पीछे रहते थे और ऊपर नहीं चढ़ते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़े लोग भी वहां आते थे। रांका के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रियों के बच्चों ने उन्हें समर्थन के मैसेज भेजे हैं और कहा है कि वे उनके साथ हैं।

सीजेपी नेता ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी को भाजपा को वोट देने से नहीं रोक रही है। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे रचनात्मक तरीके से भी बातें ले सकते थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार वाले कर्नाटक की तारीफ की और कहा कि भाजपा की मानसिकता है कि उनसे कोई सवाल न करे, जिसे अब Gen Z सहन नहीं करता। रांका ने कहा कि वे आज भी सरकार से किसी भी मुद्दे पर बात करने को तैयार हैं।

बता दें कि जून और जुलाई के बीच सीजेपी के बैनर तले दिल्ली के जंतर मंतर पर बड़ा प्रदर्शन हुआ था। तब पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने समेत कई मांगें की थीं और आंदोलन मुख्य रूप से पेपर लीक के मुद्दे के खिलाफ था। मांगें माने जाने के बाद आंदोलन खत्म कर दिया गया था। बाद में पार्टी ने SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी मोर्चा खोला था। अक्टूबर में इसको लेकर बुलाए गए प्रदर्शन से पहले एयरपोर्ट से तीनों नेताओं अभिजीत दीपके, रांका और सौरभ दास को हिरासत में ले लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया था। इसके बाद रांका और दास को जंतर मंतर में प्रवेश करने पर हिरासत में लिया गया था। जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है।