सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए नामों को बहाल कराने के लिए दायर अपीलों पर अहम निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने कहा है कि नाम बहाली की 38 लाख लंबित अपीलों में से 22 लाख मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई हो। इनमें भी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों से जुड़े मामलों को पहले सुना जाए, क्योंकि नगर निकाय चुनाव आगामी हैं। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ विचार-विमर्श कर ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा। फिलहाल ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं और लंबित अपीलों की बड़ी संख्या को देखते हुए इन्हें बढ़ाना जरूरी बताया गया। कोर्ट ने चुनाव आयोग से अलग-अलग स्थानों पर ट्रिब्यूनल के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि अपील करने वालों को वहां पहुंचने में परेशानी न हो।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। इन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या मृत घोषित किया गया था, जबकि कुछ नाम मैपिंग से जुड़ी 'लॉजिकल विसंगति' के आधार पर चिह्नित किए गए थे। इसके बाद नाम हटाए जाने के खिलाफ 38 लाख अपीलें दाखिल हुईं। सुनवाई में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख मामलों का निपटारा कर चुके हैं और इनमें 90 फीसदी से अधिक मामलों में अपील स्वीकार कर नाम बहाल किए गए।

भूषण ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटने का असर नागरिकता समेत किसी अन्य अधिकार पर नहीं पड़ता, लेकिन राज्य सरकार कथित तौर पर ऐसे लोगों को पीडीएस के तहत राशन और अन्नपूर्णा योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं दे रही है। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि याचिकाकर्ताओं ने अपने दावे के समर्थन में एक भी उदाहरण पेश नहीं किया। पीठ ने राज्य सरकार से इन आरोपों पर जवाब दाखिल करने को कहा है। इससे जुड़े एक अन्य मामले में कोर्ट ने राज्य सरकार की उस अपील पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी, जिसमें कलकत्ता हाईकोर्ट की खंडपीठ के उस अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है जिसमें राज्य निर्वाचन आयोग को केएमसी चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने से रोका गया था। मामले में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने पर विवाद है।