नई दिल्ली। भारत नगर के इस्माइल खां पार्क में 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पार्क में बच्ची के साथ गलत हरकत हो रही है। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां मौजूद लोगों ने एक शख्स को पकड़कर सौंप दिया। डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने पार्क में खेल रही बच्ची को पैसों का लालच देकर अपने पास बुलाया और पार्क के दूसरे हिस्से में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। पार्क में मौजूद लोगों और सिक्योरिटी गार्ड ने उसकी हरकत देखकर उसे पकड़ लिया। बच्ची की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब 7 साल पहले स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में सजा काट चुका है। उसे उस मामले में सात साल की कैद हुई थी और सजा पूरी करने के बाद वह कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। चंद्रावल में रहने वाले उसके परिजनों ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद से वह अलग-अलग इलाकों में रह रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है। इधर, डीडीए का कहना है कि पार्क में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। उसके मुताबिक, 22.80 एकड़ में फैले पार्क में 47 लाइट पॉइंट काम कर रहे हैं, चारदीवारी है और 24 घंटे छह सुरक्षाकर्मी तीन शिफ्ट में तैनात रहते हैं। सिक्योरिटी गार्ड ने ही घटना की सूचना पुलिस को दी थी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पार्क में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है और शाम होते ही कुछ हिस्सों में अंधेरा छा जाता है। निवासी सुनील का आरोप है कि कई एकड़ में फैले पार्क की जिम्मेदारी फिलहाल एक ही गार्ड के पास है, जबकि यहां चार गार्ड होने चाहिए। लोगों का दावा है कि पार्क के लिए चार गार्ड नियुक्त किए गए हैं, लेकिन ठेकेदार ने केवल एक ही गार्ड तैनात किया है। निवासी पीयूष ने कहा कि सीसीटीवी न होने से असामाजिक तत्वों को फायदा मिलता है। पार्क एक तरफ संगम पार्क और दूसरी तरफ जेजे कॉलोनी के बीच स्थित है, जहां बड़ी आबादी रहती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि पर्याप्त गार्ड तैनात किए जाएं, शाम के समय रोशनी दुरुस्त हो और पुलिस नियमित गश्त करे। सुनील के मुताबिक, घटना के बाद पुलिसकर्मी करीब हर दो घंटे में पार्क में गश्त करने आ रहे हैं।

डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी को पकड़ने और बच्ची की मदद करने वालों को पुलिस ने सम्मानित किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पार्क या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर ऐसी घटना दिखाई देने पर चुप न रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, क्योंकि समय पर मिली जानकारी से किसी बड़ी वारदात को रोका जा सकता है।