सलेमपुर (देवरिया) में बुधवार सुबह एक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने पर उनका बेटा उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहा था, लेकिन स्टेशन रोड पर लगे जाम में उसका वाहन करीब आधे घंटे तक फंसा रहा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।

मईल थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी 80 वर्षीय कलाधर मणि त्रिपाठी की तबीयत बुधवार सुबह बिगड़ गई थी। हालत गंभीर देख उनका बेटा शंभू मणि त्रिपाठी उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर निकला। गांधी चौक से आगे स्टेशन रोड पर सड़क की दोनों पटरियों पर सब्जी की दुकानें लगी होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और रास्ता जाम हो गया।

पिता की बिगड़ती हालत के बीच शंभू मणि त्रिपाठी वाहन का शीशा उतारकर रास्ता खाली कराने की गुहार लगाते रहे, लेकिन जाम के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार जाम से निकली और अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद कलाधर मणि त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया।

सीओ गौरव सिंह ने कहा कि स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से निजात के लिए सब्जी दुकानदारों के साथ कई बार बैठक की गई है और बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद जाम लग रहा है तो दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत सलेमपुर के ईओ महेंद्र पांडेय ने कहा कि जाम की समस्या से निजात के लिए अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन कुछ दुकानदारों ने विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया, जिसके बाद अभियान रोकना पड़ा। अब दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।