गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने आगामी चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के 15 नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक में जिले की सभी तहसीलों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदाता जागरूकता की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाए। इस अभियान में शिक्षा, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास समेत अन्य विभागों को सक्रिय रूप से जोड़ा गया है।

अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फार्म-छह उपलब्ध कराया गया है। नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान मतदान की शपथ दिलाने, पीटीएम में अभिभावकों को जागरूक करने और हस्ताक्षर अभियान चलाने पर जोर दिया गया। विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।