यमुना प्राधिकरण (यीडा) की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को प्राधिकरण के सभागार में सुबह 11 बजे से होगी। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के चेयरमैन आलोक कुमार करेंगे। इसमें यमुना सिटी के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक के प्रमुख एजेंडे में यमुना सिटी का सर्विस मास्टर प्लान ड्राफ्ट शामिल रहेगा। यह ड्राफ्ट बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। प्राधिकरण ने यमुना सिटी का मास्टर प्लान तैयार कराया है, और सर्विस मास्टर प्लान के जरिये शहर की भविष्य की जरूरतों के अनुसार बुनियादी सुविधाओं और सेवाओं के विकास की रूपरेखा तैयार करने पर विचार किया जाएगा। इसमें सुनियोजित विकास और जरूरी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।

बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, काम की रफ्तार और निर्धारित समयसीमा के अनुसार उनकी प्रगति की समीक्षा की जा सकती है। साथ ही कई नीतिगत प्रस्ताव भी रखे जाने की संभावना है, जिन पर बोर्ड सदस्यों के बीच विचार-विमर्श होगा।