हरियाणा एनसीआर के चार जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नीति लागू करने में देरी हो रही है। पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने की दोनों तय समयसीमाएं बीत जाने के बाद अब कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है। अभी पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल के बोर्ड लगाए जा सके हैं।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर डीजल के 10 साल और पेट्रोल के 15 साल पुराने वाहनों के परिचालन पर रोक के लिए उन्हें ईंधन न देने के निर्देश जारी किए गए थे। पहले चरण में इन चार जिलों के पेट्रोल पंपों पर 600 एएनपीआर कैमरे लगाने की योजना थी। पहले एक नवंबर और बाद में 15 नवंबर तक काम पूरा करने की समयसीमा तय की गई थी, लेकिन दूसरी डेडलाइन बीतने के बाद अब कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है। काम पूरा होने में अभी 20 दिन का समय और लगने की उम्मीद है।
कैमरे लगाने वाली कंपनी गोदावरी एडवांस टेक्नोलाजी प्रा. लि. के सीनियर मैनेजर एसपी शर्मा के अनुसार गुरुग्राम में 300, फरीदाबाद में 130, सोनीपत में 197 और झज्जर में 180 कैमरे लगाए जाएंगे। हर पंप पर लगाया जाने वाला कैमरा वाहन की नंबर प्लेट स्कैन कर स्पीकर के माध्यम से बताएगा कि वाहन अपनी आयु पूरी कर चुका है या उसके पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र है। कंपनी सभी कैमरों का तीन साल तक रखरखाव करेगी। सभी कैमरों की निगरानी के लिए चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जहां से यह डाटा भी निकाला जा सकेगा कि किसी पंप पर किस दिन कितने वाहन ईंधन भरवाने पहुंचे और उनमें से कितनों के पास वैध पीयूसी था।
जिले के पंपों पर तेल कंपनियों की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर साफ लिखा है कि बिना पीयूसी वाले वाहनों को तेल नहीं दिया जाएगा। पंप संचालकों को नीति का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। बिना पीयूसी वाले वाहन को तेल देने पर 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रविधान है। पंप संचालकों को कैमरे लगाने वाली कंपनी को सहयोग देने और उपयुक्त जगह उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा गया है। कैमरे लगाने में देरी का कारण टेंडर में देरी और त्योहारी सीजन माना जा रहा है। कंपनी को जल्द काम पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। खाद्य आपूर्ति मामलों के नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने बताया कि कंपनी को जल्द काम पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। जिला परिवहन अधिकारी सुभाष चंद्र के अनुसार परिवहन विभाग कैमरे लगाए जाने के बाद निगरानी करेगा कि पंपों पर नीति का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं, और लापरवाही बरतने पर 10 हजार रुपये के जुर्माने का प्रविधान है।
