मुंबई: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महाराष्ट्र में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग अभियानों में कार्रवाई करते हुए किंग कोबरा का करीब दो लीटर संदिग्ध जहर और बाघ, तेंदुए तथा चीते की तीन खालें बरामद की हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शिकार में इस्तेमाल होने वाली एक एयर राइफल भी जब्त की गई है। इन कार्रवाइयों में कुल छह लोगों को पकड़ा गया है। डीआरआई ने बताया कि पश्चिमी घाट क्षेत्र में वन्यजीवों की अवैध तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर ये अभियान चलाए गए। बरामद सामान और पकड़े गए लोगों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र वन विभाग को सौंप दिया गया है।
पुणे में 25 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन के दौरान 'ऑपरेशन वेनम शील्ड' चलाया गया। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि शेयर बाजार में कारोबार करने वाला एक व्यक्ति, जो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी है, अवैध जहर का कारोबार कर रहा है और एक बिचौलिये तथा संभावित खरीदार से मिलने वाला है। इंद्रायणी नदी के पास भीड़भाड़ वाले कठिन इलाके में निगरानी के बाद अधिकारियों ने आरोपियों का पीछा कर तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी में दो बोतलों में करीब दो लीटर किंग कोबरा का संदिग्ध जहर मिला। पीछा करने के दौरान जहर के संपर्क में आने से डीआरआई का एक अधिकारी घायल हो गया।
26 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीवों की अवैध ट्रॉफी बेचने की सूचना पर 'ऑपरेशन फेलाइन विजिल' चलाया गया। पनवेल इलाके में एक संदिग्ध को रोककर उसके बैग से दो खालें बरामद की गईं, जिनके बाघ और तेंदुए की होने का संदेह है। पूछताछ के आधार पर नवी मुंबई के एक आवासीय परिसर में तलाशी ली गई, जहां दो महिला आरोपियों के पास से चीते की संदिग्ध खाल और .177 कैलिबर (4.5 एमएम) की ब्रेक-बैरल एयर राइफल (मॉडल 23) बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में संदेह जताया गया है कि तेंदुए की खाल पर मिले गोली लगने के निशान इसी एयर राइफल से किए गए शिकार का परिणाम हो सकते हैं। तीनों खालें, एयर राइफल और अन्य सामान जब्त कर तीनों आरोपियों को महाराष्ट्र वन विभाग के हवाले कर दिया गया है।
किंग कोबरा, बाघ, तेंदुआ और चीता वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल हैं और इन्हें कानून के तहत सर्वोच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है। इन प्रजातियों का शिकार, पकड़ना, अनधिकृत कब्जा तथा इनके अंगों या खाल का कारोबार प्रतिबंधित है। डीआरआई ने कहा कि लगातार चलाए गए इन अभियानों का उद्देश्य संगठित वन्यजीव अपराध नेटवर्क को खत्म करना और देश की जैव विविधता की सुरक्षा करना है।
