मुंबई: महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों की संख्या 48 से बढ़कर 72 होने की स्थिति में राज्य का सियासी नक्शा बदल सकता है। प्रस्तावित 50 फीसदी बढ़ोतरी के हिसाब से राज्य के छह प्रमुख विभागों में 24 नई सीटें जुड़ने की संभावना है। इनमें सबसे ज्यादा छह सीटें पश्चिम महाराष्ट्र में बढ़ सकती हैं, जबकि विदर्भ में पांच और मराठवाड़ा तथा उत्तर महाराष्ट्र में चार-चार नई सीटें बढ़ने का अनुमान है। मुंबई और ठाणे-कोंकण क्षेत्र में भी तीन-तीन सीटें बढ़ सकती हैं। हालांकि, सीटों का अंतिम बंटवारा परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के बाद ही तय होगा। यदि परिसीमन में आबादी और मतदाताओं की संख्या को आधार बनाया गया तो पुणे और मुंबई में सबसे ज्यादा सीटें बढ़ सकती हैं।
मुंबई शहर और उपनगरों की छह लोकसभा सीटें बढ़कर नौ हो सकती हैं। वहीं, पालघर, ठाणे, कल्याण, भिवंडी, रायगढ़ और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग को मिलाकर ठाणे-कोंकण क्षेत्र में भी सीटों की संख्या छह से बढ़कर नौ होने का अनुमान है। पश्चिम महाराष्ट्र में फिलहाल लोकसभा की 12 सीटें हैं। 50 फीसदी बढ़ोतरी के अनुमान के आधार पर यहां छह सीटें बढ़ सकती हैं और कुल संख्या 18 हो सकती है। पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिलों में छह नए निर्वाचन क्षेत्र बनने की संभावना है।
विदर्भ में वर्तमान में लोकसभा की 10 सीटें हैं, जिनकी संख्या बढ़कर 15 हो सकती है। नागपुर, अमरावती, चंद्रपुर, अकोला, बुलढाणा और यवतमाल-वाशिम क्षेत्र में पांच नए निर्वाचन क्षेत्र बनने का अनुमान है। मराठवाड़ा में सीटों की संख्या आठ से बढ़कर 12 और उत्तर महाराष्ट्र में भी आठ से बढ़कर 12 हो सकती है। इस तरह दोनों विभागों में चार-चार नए संसदीय क्षेत्र जुड़ने की संभावना है।
सीटों में संभावित बढ़ोतरी केवल जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगी। नए निर्वाचन क्षेत्रों के गठन से कई मौजूदा सीटों की सीमाएं भी बदलेंगी। ऐसे में सांसदों और राजनीतिक दलों को नए क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी। खासकर मुंबई, ठाणे और पश्चिम महाराष्ट्र में नए चुनावी क्षेत्र बनने से राजनीतिक दलों और गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ सकती है।
