चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं को अब वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। सेना के अनुसार, रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद पुरस्कार विजेताओं के लिए पहले से उपलब्ध इस सुविधा का दायरा बढ़ाया है। इस बदलाव के साथ उनके मौजूदा यात्रा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सेना ने इसे वीरता को सम्मान देने की महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल बताया है। सेना के मुताबिक, यह कदम देश के योद्धाओं के साहस, बलिदान और सेवा को पहचानने तथा उनके सम्मान के प्रति रेलवे और रक्षा मंत्रालय की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आजादी के बाद सरकार ने सबसे पहले परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र वीरता पुरस्कार शुरू किए थे। इनकी स्थापना 26 जनवरी 1950 को की गई थी, हालांकि इन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया। बाद में अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र भी शुरू किए गए।

रेलवे की पुरानी व्यवस्था में इन पुरस्कार विजेताओं को कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास दिए जाते थे, जिसके तहत पात्र विजेताओं को जीवनभर रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी। फरवरी 2014 में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के पास को राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों में प्रथम एसी या एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा के लिए भी मान्य किया गया था। अगस्त 2017 में अशोक चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को भी समान सुविधा देने का फैसला किया गया था। अब नई व्यवस्था के तहत यह सुविधा सभी ट्रेनों तक बढ़ा दी गई है।