गाजीपुर में दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर गुरुवार शाम आनंद विहार से पटना जा रही 03294 डाउन आनंद विहार-पटना फेयर स्पेशल ट्रेन के इंजन की कपलिंग खुल जाने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। भदौरा और गहमर रेलवे स्टेशन के बीच देवकली गांव के पास हुई इस घटना से डाउन लाइन पर करीब आधे घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
भदौरा रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद ट्रेन का इंजन बोगियों से अलग हो गया और कुछ आगे बढ़ गया। इसके बाद यात्री भी नीचे उतर गए। ट्रेन के पायलट ने घटना की सूचना भदौरा स्टेशन को दी, जहां से दानापुर कंट्रोल को भी जानकारी भेजी गई। सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष में हड़कंप मच गया। दिलदारनगर आरपीएफ भी मौके पर पहुंची।
ट्रेन के पायलट, गार्ड और भदौरा के रेलवे स्टाफ के सहयोग से इंजन को पीछे से पुश कर बोगियों से दोबारा जोड़ा गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4:25 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे परिचालन बहाल हो सका। इंजन की कपलिंग कैसे खुली, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
इस घटना के कारण 12791 सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस शाम 3:55 से 4:55 बजे तक स्थानीय स्टेशन पर खड़ी रही, जबकि एक स्पेशल ट्रेन डाउन लूप में शाम 3:53 से 4:47 बजे तक रुकी रही। दरौली में 22554 रक्सौल अंत्योदय एक्सप्रेस और जमानियां में 13240 मथुरा-पटना समेत इसके पीछे की अन्य ट्रेनें भी खड़ी रहीं। यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भदौरा स्टेशन के आगे देवकली गांव के पास स्पेशल ट्रेन के बोगियों से इंजन अलग होने के कारण परिचालन प्रभावित हुआ।
