गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक तीन महीने की बच्ची भी है। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमकर भुज लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर यह हादसा हुआ। कार के मलबे में फंसे शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे लगे। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात साल की बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका के रूप में हुई है।

दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे जूनागढ़ के केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही तेज रफ्तार लाल रंग की स्विफ्ट कार मोड़ पर सड़क किनारे पत्थर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोग सवार थे। इनमें से दो पुरुषों और एक महिला की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 साल थी।

हादसे में इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा बच गईं। बताया गया कि वह कार की आगे वाली सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह बाहर उछलकर पास के खेत में जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, इमरजेंसी 112 और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।