हापुड़ शहर के मोहल्ला भीमनगर में पिछले करीब तीन साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है। रास्तों पर पानी जमा होने के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चे पानी से भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसे में बच्चों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने का खतरा बना रहता है।

मोहल्ला भीमनगर नगर पालिका क्षेत्र में आता है। हैरानी की बात यह है कि समस्या इतनी पुरानी है कि तत्कालीन जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय खुद जलभराव के बीच उतरकर स्थानीय लोगों की परेशानी सुन चुके थे, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं बदले।

आरोप है कि लगातार समस्या के बाद भी नगर पालिका से लेकर जिले के जिम्मेदार अधिकारी कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। नगर पालिका की लापरवाही पर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो एक उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिससे समस्या का जल्द समाधान हो सके।