हमीरपुर में मौदहा से नोएडा जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार की रात शॉर्ट सर्किट से धुआं भर गया। घटना ईदगाह के पास कालपी चौराहा से आगे हुई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। धुआं भरते देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। चालक ने बस रोक दी, जिसके बाद यात्री तेजी से नीचे उतर गए। बस स्टाफ ने स्थिति को काबू में कर लिया। इस दौरान किसी के चोटिल होने की जानकारी नहीं है।
मौदहा की यात्री पारुल वर्मा ने बताया कि वह परिवार के तीन सदस्यों के साथ नोएडा जा रही थी। बस में एसी चालू थी और कूलिंग ज्यादा होने पर उन्होंने एसी बंद कराया। एसी बंद होते ही बस के अंदर धुआं भरने लगा। एसी बस होने के कारण शीशे जाम थे और बाहर निकलने का एक ही गेट था।
भयभीत यात्रियों ने बस में आगे का सफर करने से इनकार कर दिया और दूसरी बस की व्यवस्था की मांग की। इसको लेकर यात्रियों की बस स्टाफ से नोंकझोंक भी हुई। देर रात दूसरी बस आने के बाद सभी यात्रियों को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
