कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के इस आरोप पर कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को धर्म के आधार पर प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया, पार्टी के भीतर ही असहमति दिख रही है। कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने इस दावे से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया का चयन हमेशा खिलाड़ियों के फॉर्म और काबिलियत के आधार पर होता है, धर्म के आधार पर नहीं। उनके मुताबिक, क्रिकेट जैसे खेल में धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है और टीम इंडिया की बात करते समय सबसे अहम भारत है। हालांकि, उन्होंने विरोधियों पर देश में सांप्रदायिक माहौल बनाने का आरोप भी लगाया।

इस बीच, एआईएमआईएम चीफ और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस मुद्दे पर सिराज की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सिराज हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं और एक ऑटो-रिक्शा चालक के बेटे हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेले हैं और 144 टेस्ट विकेट लिए हैं। ओवैसी ने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है और उन्हें दबाना या किनारे करना आसान नहीं है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज का जिक्र करते हुए कहा कि सिराज ने सभी पांच मैच खेले और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ओवैसी ने भरोसा जताया कि सिराज वापसी करेंगे और लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए खेलते रहेंगे।

गौरतलब है कि इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली और उनका नाम सिराज होने की वजह से ऐसा हुआ। उन्होंने अपनी बात के समर्थन में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और बल्लेबाज सरफराज खान का भी जिक्र किया था। मसूद के मुताबिक, चयन का आधार सिर्फ प्रदर्शन होना चाहिए और अच्छा खेलने वाले खिलाड़ी का कहां से आना है, इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए।