नई दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने गुरुवार को वर्चुअल प्रस्तुतीकरण के जरिए 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का विजन और प्रस्तावित रोडमैप अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने रखा। भारत की नेशनल ओलंपिक कमेटी (एनओसी) की ओर से यह प्रस्तुति आईओए अध्यक्ष पीटी उषा, सीईओ रघुराम अय्यर और आईओए एथलीट्स कमीशन की चेयरपर्सन पीवी सिंधु ने दी। इस दौरान भारत से आईओसी सदस्य नीता अंबानी भी मौजूद रहीं।
प्रस्तुतीकरण में अहमदाबाद की तैयारियों को शामिल किया गया, जिसमें खेल बुनियादी ढांचे और शहर, राज्य तथा केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा आईओए को दिए जा रहे सहयोग की जानकारी दी गई। इसमें बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी का भारत का अनुभव, प्रस्तावित स्थान विकास योजनाएं और खेलों के आयोजन से जुड़ा दीर्घकालिक विजन भी रखा गया। भारत के प्रस्तावित मेजबानी मॉडल का केंद्र अहमदाबाद है, क्योंकि यह शहर 2030 कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। इसलिए विश्वस्तरीय खेल परिसरों और सहायक बुनियादी ढांचे का विकास 2036 ओलंपिक की तैयारियों का अहम हिस्सा माना गया है।
इस प्रस्तुति से कमीशन को प्रोजेक्ट लीडर्स से सीधे यह जानने का मौका मिला कि खेलों को लेकर उनका विजन क्या है, किस विरासत और प्रभाव की उम्मीद है, उनका प्रोजेक्ट स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय विकास योजनाओं से कैसे जुड़ा है, उनका वेन्यू मास्टरप्लान क्या है, उन्हें किस तरह का समर्थन मिल रहा है और उनकी फंडिंग रणनीति क्या है।
भारत के अलावा हंगरी, कतर, साउथ अफ्रीका, तुर्किये, जर्मनी और साउथ कोरिया भी मेजबानी के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। इस बैठक में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और केंद्र तथा गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रस्तुतीकरण लगभग आधे घंटे तक चला, जिसके बाद फ्यूचर होस्ट कमीशन और भारत के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। भारत उन सात देशों में शामिल है जो इस समय आईओसी के साथ निरंतर संवाद के चरण में हैं। उम्मीद है कि मार्च 2027 में यह प्रक्रिया रणनीतिक संवाद के चरण में पहुंच जाएगी।
