लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विवेक खंड के राधा-कृष्ण मंदिर में सोमवार को जापान के हिरो चिहारा और शिजु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह रचाया। पंडित जनार्दन ने विधि-विधान से विवाह संस्कार कराया और जोड़े ने पारंपरिक रस्में निभाते हुए सात फेरे लिए। समारोह में उनके बच्चे भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने माता-पिता को भारतीय परंपरा से विवाह के बंधन में बंधते देखा।

पंडित जनार्दन के अनुसार, जापानी जोड़े का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करना भारतीय संस्कृति के अंतरराष्ट्रीय आकर्षण की मिसाल है। उन्होंने कहा कि भारतीय विवाह संस्कारों में पारिवारिक जुड़ाव, जीवनभर साथ निभाने का संकल्प और आध्यात्मिक परंपराओं का विशेष महत्व है, और यही विशेषताएं दूसरे देशों के लोगों को भी आकर्षित कर रही हैं।

समारोह में मित्रों और परिवारीजनों ने दंपती को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दुबई के उद्योगपति लखनऊ के पंकज जोशी, इंद्र सिंह तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा भी शामिल हुए।