जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर मड़ैया गांव में शुक्रवार रात आई बारात में द्वारचार के दौरान दूल्हे के रथ से कुचलकर दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रथ का चालक ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबा बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया लेदुका निवासी वैभव यादव की बारात मड़ैया आई थी। रात में जलपान के बाद करीब पौने 11 बजे बारात द्वारचार के लिए निकली। नौपेड़वा बाजार के उत्तर राष्ट्रीय राज्यमार्ग से नीचे म्यूजिक सिस्टम उतरते समय रथ ढलान पर था, तभी चालक ने ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर पर पैर रख दिया।
इससे रथ के आगे चल रहे गोरियापुर निवासी 65 वर्षीय मुसाफिर और 55 वर्षीय शिवाकांत गौतम उसकी चपेट में आ गए। दोनों रोड लाइट लेकर चल रहे थे। आनन-फानन में दोनों मजदूरों को नौपेड़वा सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मृत शिवाकांत के बेटे मंदीप कुमार की तहरीर पर अज्ञात रथ चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मौके से रथ को कब्जे में ले लिया गया है।
