बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के औरछी चौराहे पर एक्सपायर नमकीन से तेल निकालने की शिकायत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। एसएसपी अंकिता शर्मा को इस संबंध में शिकायत मिली थी, जिसके बाद जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी ने संयुक्त टीम गठित कर मामले की जांच कराई। शनिवार को एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में टीम ने औरछी चौराहे पर संचालित पांच से छह गोदामों पर छापेमारी की।
जांच के दौरान टीम ने गोदामों में रखे एक्सपायर नमकीन के स्टॉक, तेल निकालने की प्रक्रिया और अन्य गतिविधियों की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालकों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर गोदामों को सील किया जा रहा है।
बताया गया है कि औरछी चौराहे पर कई गोदामों में एक्सपायर नमकीन एकत्र कर उससे तेल निकालने का काम किया जा रहा था। इस तरह तैयार किए जा रहे तेल की गुणवत्ता और उसके इस्तेमाल को लेकर शिकायत की गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम और एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संयुक्त जांच कराने का निर्णय लिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में एक्सपायर खाद्य पदार्थों के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
