जौनपुर के खुटहन क्षेत्र में एक निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान नवजात शिशु की मौत के अगले दिन शनिवार को प्रसूता ने भी दम तोड़ दिया। जच्चा-बच्चा की मौत से आक्रोशित स्वजन शव लेकर थाने पहुंचे और चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के कादीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मलिकपुर नोनरा गांव निवासी मुकेश निषाद की पत्नी शिवानी उर्फ सरोजा देवी को शुक्रवार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। स्वजन उन्हें खुटहन के अस्पताल रोड स्थित अनीता मैटरनिटी महिला क्लीनिक लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।

आरोप है कि अल्ट्रासाउंड जांच के बाद संबंधित चिकित्सक ने गर्भस्थ शिशु की मौत होने की जानकारी दी और स्थिति गंभीर बताते हुए तत्काल आपरेशन करने की सलाह दी। स्वजन की सहमति के बाद आपरेशन कर मृत शिशु को बाहर निकाला गया, जिसके बाद प्रसूता का उपचार शुरू किया गया। हालत बिगड़ती चली गई और दूसरे दिन प्रसूता ने भी दम तोड़ दिया।