जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र में अपहरण, मारपीट और लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी राजेंद्र दुबे के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की गई है। मंगलवार को निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने वाराणसी के बड़ागांव स्थित आरोपी के घर पहुंचकर न्यायालय के आदेश की तामीला कराई और मुनादी कराई। यह कार्रवाई धारा 84 बीएनएसएस के तहत की गई।

मामले के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को चिलबिला बड़ागांव, वाराणसी निवासी आरोपी राजेंद्र दुबे ने अपने कुछ पुलिसकर्मी साथियों के साथ मिलकर कुड़ी बड़गांव निवासी सुशील पांडेय का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। आरोप है कि उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें जौनपुर के सुरेरी थाने ले जाया गया और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर एक लाख 65 हजार 299 रुपये लूट लिए गए। इस मामले में सुरेरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

विवेचना के दौरान तत्कालीन सुरेरी थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों और अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। मामले में छह लोगों के जेल जाने की जानकारी दी गई है। इसी तरह आरोपियों पर जलालपुर, जौनपुर निवासी विजय राजभर से कुशहा बाजार के पास दो लाख रुपये लूटने का भी आरोप है।

मामले में राजेंद्र दुबे अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के अनुपालन में निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने बड़ागांव में यह कार्रवाई की।