पटना। जनता दल यू (जदयू) पर लगातार सवाल उठाने और पार्टी विरोधी बयानों को लेकर आनंद मोहन चर्चा में हैं। पार्टी नेतृत्व इन बयानों से नाराज बताया जा रहा है। पहले मोकामा विधायक अनंत सिंह को इस तरह के बयानों का दंश झेलना पड़ा था। अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया और विधायकी रद्द करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा गया। अब सवाल उठ रहा है कि क्या आनंद मोहन के बाद उनके बेटे चेतन आनंद पर भी वैसी ही कार्रवाई हो सकती है, जैसी अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के साथ हुई। नीलम देवी को राज्य स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य पद से हटाया गया और बंगला खाली करने को कहा गया।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 200 से अधिक सीटें मिलीं, लेकिन मंत्रिपरिषद गठन के समय आनंद मोहन ने खुलकर विरोध किया। उन्होंने कहा था कि चेतन आनंद को मंत्री बनाया जाना चाहिए था, जबकि शिवहर की विधायक श्वेता गुप्ता को मंत्री बनाया गया। उन्होंने जदयू के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए पार्टी को "थैली की पार्टी" कहा और आरोप लगाया कि पैसे और प्रभाव की राजनीति हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार को वह सम्मान नहीं मिल रहा जिसके वे हकदार हैं और कुछ वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें "जिंदा दफन" कर दिया है।

तीसरे बयान के बाद चर्चा है कि जदयू शीर्ष नेतृत्व काफी नाराज हुआ। कहा जा रहा है कि बिहार कारा नियमावली 2023 में बदलाव कर आनंद मोहन को जेल से बाहर निकालने के प्रति जदयू का रुख बदलने लगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया था कि बिहार सरकार कारा नियमावली 2023 संशोधन के पक्ष में अपना पक्ष ठीक से नहीं रख पाई।

इस बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पर भी आरोप लगते रहे हैं। कारा नियमावली 2016 में संशोधन के समय आरोप लगा था कि नीतीश कुमार ने आनंद मोहन के ताजिंदगी जेल में रहने की व्यवस्था कर डाली, जबकि 2023 के संशोधन पर आरोप लगे कि आनंद मोहन को जेल से निकालकर राजपूत मतों को साधने की जुगाड़ की गई।