तेल अवीव: इजरायल में नई सरकार के गठन पर बना गतिरोध खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। गादी आइजेनकॉट की यशर पार्टी और बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के बीच मिलीजुली (यूनिटी) सरकार बनाने पर सहमति बन सकती है। दोनों दल 27 अक्टूबर के चुनाव में सबसे बड़े दल रहे थे और एक-दूसरे के मुख्य प्रतिद्वंद्वी थे। गतिरोध इस बात पर था कि पहले दो साल के लिए प्रधानमंत्री कौन बनेगा और बाद में यह पद किसके पास जाएगा। अब तक दोनों नेता पहले प्रधानमंत्री बनने पर अड़े थे, लेकिन अब नेतन्याहू इस रुख से पीछे हट गए हैं।
इजरायली वेबसाइट द यरूशलम पोस्ट की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, बेंजामिन नेतन्याहू यूनिटी सरकार बनाने के लिए गादी आइजेनकॉट के साथ रोटेशन (बारी-बारी से) के आधार पर दूसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में काम करने की घोषणा करने पर विचार कर रहे हैं। यानी वह दो साल बाद प्रधानमंत्री बनने के लिए राजी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू यह ऐलान कर सकते हैं और कहेंगे कि यह फैसला इजरायल की सुरक्षा के लिए लिया गया है। उनकी ओर से यह घोषणा शनिवार या रविवार को हो सकती है।
दूसरी ओर, आइजेनकॉट ने कहा है कि लिकुड पार्टी ने उनके प्रस्तावित ढांचे के तहत यूनिटी सरकार बनाने में बहुत दिलचस्पी नहीं दिखाई है। उन्होंने बताया कि यूनिटी सरकार पर दो सप्ताह में पांच बैठकें हो चुकी हैं, जो समझौते के लिए काफी समय है। आइजेनकॉट के मुताबिक, एकता का मतलब सीटों या इस बात पर चर्चा नहीं है कि पहले कौन प्रधानमंत्री बनेगा, बल्कि यह असल मुद्दों और मूल्यों के बारे में है।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर के चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिलने के बाद से नेतन्याहू एकता सरकार बनाने की कोशिश में हैं। आइजेनकॉट का गुट बुधवार, 2 दिसंबर तक सभी गठबंधन समझौतों को अंतिम रूप देने, उन पर हस्ताक्षर करने और उन्हें नेसेट (संसद) में जमा करने की योजना बना रहा है। राष्ट्रपति से मिले समय के हिसाब से पार्टियों के पास नई सरकार पर बातचीत पूरी करने के लिए एक हफ्ते से भी कम का समय बचा है। चुनाव में नेतन्याहू ने अपना बहुमत खो दिया और आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को भी बहुमत नहीं मिला। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने आइजेनकॉट को सरकार बनाने का न्योता दिया है, जबकि नेतन्याहू फिलहाल कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं। 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 सीटें जरूरी हैं। आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 और नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिली हैं।
