चेन्नई: तमिलनाडु भाजपा के नेता एच राजा ने राज्य के मुख्यमंत्री थलपति विजय पर तीखा हमला बोला है। सुप्रीम कोर्ट के नए आदेश के बाद शुक्रवार को उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत को फिर से दखल देना पड़ रहा है, जो मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के लिए एक कलंक है। एच राजा ने कहा कि विजय छिपकर काम करते हैं और मुख्यमंत्री बनने के लायक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने लगभग इस मामले को अपने हाथ में ले लिया है, जो अच्छी बात है, लेकिन इतना काफी नहीं है और राज्य सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।

बता दें कि तमिलनाडु में थलपति विजय की अगुवाई वाली टीवीके सरकार 24 नवंबर को अन्नामलाई पहाड़ियों पर पत्थर के स्तंभ दीपाथून पर दीप जलाने में विफल रही थी। सरकार ने परंपरागत स्थान पर दीपम प्रज्जवलित किया था, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था।

शुक्रवार को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 'दीपथून' स्तंभ पर दीप न जलाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंदिर ट्रस्ट को निलंबित कर दिया और अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए। कोर्ट ने 28 नवंबर को उसी स्थान पर दीप जलाने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर, पुलिस अधिकारियों, HR&CE कमिश्नर और मंदिर ट्रस्टियों को अवमानना नोटिस जारी किए हैं। कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या जानबूझकर आदेश की अवहेलना हुई है और ट्रस्टियों ने अधिकारियों के समर्थन के बिना ऐसा करने की हिम्मत नहीं की होगी। शीर्ष अदालत ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित कर दिया है और आदेश के पालन की निगरानी के लिए हाई कोर्ट के दो पूर्व जजों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन की अध्यक्षता में समिति गठित की है। तमिलनाडु पुलिस के निर्देश लागू न कर पाने का हवाला देते हुए कोर्ट ने मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को सौंप दी है।