जयपुर: राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव नतीजों में ग्रामीण राजनीति के कई बड़े बदलाव सामने आए हैं। कई जगहों पर बहुमत के बावजूद सियासी समीकरण बदले, तो कहीं हंगामे और पथराव के बीच नतीजे घोषित हुए। रिपोर्ट के अनुसार इन चुनावों में कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटों पर बढ़त मिली, जबकि भाजपा, रालोपा, भारत आदिवासी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अहम सीटों पर जीत दर्ज की।

जारी सूची के मुताबिक अजमेर जिले की अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति से बीना मेघवंशी भाजपा के टिकट पर जीतीं, जबकि अरायण से गुलाब देवी कांग्रेस से विजयी हुईं। इसी तरह बड़ल्या से श्रवण सिंह रावत (भाजपा), भिनाय से रींका गुर्जर (कांग्रेस) और केकड़ी से प्रकाश कंवर (भाजपा) ने जीत हासिल की।

अलवर जिले में गोविंदगढ़ से अंजुम खान, कठूमर से भूपेन्द्र और खेड़ली-सोनखार से प्रिया कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुईं, वहीं लक्ष्मणगढ़ से दीपिका और मालाखेड़ा से अल्का रानी ने भाजपा के लिए सीट जीती। बालोतरा जिले में गिरा पंचायत समिति से पनी चौधरी रालोपा के टिकट पर जीतीं।

बांसवाड़ा जिले में भारत आदिवासी पार्टी ने भी कई सीटों पर जीत दर्ज की, जिनमें आनंदपुरी से प्रमिला कुमारी बामनिया, छोटी सरवा से मंज, गांगड़ तलाई से राजकुमार और घाटोल से राधेश्याम शामिल हैं। वहीं अर्थूना से करुणेश कुमार चरपोटा निर्दलीय विजयी हुए। बाड़मेर जिले में बाड़मेर पंचायत समिति से रतन सिंह निर्दलीय जीते, जबकि बाड़मेर ग्रामीण से सरोज चौधरी और बाटाडू से फतु देवी ने रालोपा के टिकट पर जीत हासिल की।