झिड़ी मेले में आज़ाद परिंदे कला मंच द्वारा प्रस्तुत नाटक 'रुखी कन्नक नेई खायां' ने बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की संघर्षपूर्ण गाथा को मंच पर जीवंत किया। सूचना विभाग की ओर से आयोजित दस दिवसीय मेले में हुई इस प्रस्तुति ने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं को इन लोकनायकों के संघर्ष और आदर्शों से रूबरू कराया।
जगदीप दुबे द्वारा लिखित नाटक का निर्देशन मोहित सिंह चिब ने किया, जबकि ईशान मनसोत्रा सहायक निर्देशक रहे। मंच पर मुकेश बख्शी ने बाबा जित्तो, विवेक सांगोत्रा ने इस्सो और आध्या वजीर ने बुआ कौड़ी की भूमिका निभाई। कलाकारों के सशक्त अभिनय और प्रभावी संवादों ने कथा के दर्द, संघर्ष और भावनात्मक पहलुओं को दर्शकों के सामने इस तरह रखा कि वे घटनाक्रम से जुड़ते चले गए। सिमरन कौर ने मेकअप तथा रोमा ने वेशभूषा की जिम्मेदारी संभाली।
नाटक का शीर्षक 'रुखी कन्नक नेई खायां' अपने भीतर गहरी पीड़ा और दृढ़ संकल्प समेटे हुए है। यह केवल एक किसान की कहानी नहीं, बल्कि उस मेहनतकश वर्ग की आवाज है, जो अपनी मेहनत का उचित हिस्सा और सम्मान चाहता है। बाबा जित्तो की गाथा के माध्यम से कलाकारों ने यह संदेश दिया कि किसान केवल अन्न पैदा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की अर्थव्यवस्था और जीवन का आधार है, और उसकी मेहनत, अधिकार तथा आत्मसम्मान का सम्मान होना चाहिए।
मेले में श्रद्धालु जहां मंदिरों में माथा टेककर आशीर्वाद लेते हैं, वहीं इस नाट्य प्रस्तुति ने उन्हें लोक इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर दिया। मंच सज्जा और प्रस्तुति की प्रभावशीलता ने नाटक को और आकर्षक बनाया। इस तरह श्रद्धा और उल्लास के माहौल के बीच इस प्रस्तुति ने मेहनत का सम्मान, अपने हक के लिए संघर्ष और अन्याय के सामने न झुकने का संदेश दिया।
