रांची में शनिवार शाम मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई। बैठक के बाद दुमका के JMM सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि अगर परिसीमन से झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटें बढ़ती हैं, तो पार्टी परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का साथ देगी। उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी के अन्य नेता अध्ययन कर रहे हैं और सभी पहलुओं पर विचार के बाद फैसला लिया जाएगा। उम्मीद जताई गई कि जल्द ही इस संबंध में निर्णय हो जाएगा।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि पार्टी को संसद में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक की कॉपी मिल गई है। उनके अनुसार पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन इस विषय पर संवैधानिक और कानूनी विशेषज्ञों की राय लेंगे और विधेयक के हर पहलू पर गहन अध्ययन के बाद ही फैसला किया जाएगा।
लोकसभा में JMM के तीन सांसद नलिन सोरेन, विजय हांसदा और जोबा मांझी हैं, जबकि राज्यसभा में महुआ माजी, सरफराज अहमद और बैजनाथ राम हैं। इन छह सांसदों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। JMM नेताओं ने साफ किया है कि पार्टी परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर झारखंड के हितों से समझौता नहीं करेगी।
गौरतलब है कि JMM की ओर से केंद्र की एनडीए सरकार को समर्थन देने के संकेत के साथ ही इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि पार्टी ने अभी अपना रुख स्पष्ट रूप से साफ नहीं किया है और फिलहाल बिल के प्रारूप पर अध्ययन की बात कही गई है।
