दक्षिण कोरिया की ब्यूटी इंडस्ट्री का निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। साल 2025 में देश ने करीब 11.43 अरब डॉलर यानी 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के कॉस्मेटिक्स का निर्यात किया, जो पिछले साल से 12.3% अधिक है। अमेरिका पहली बार चीन को पीछे छोड़कर कोरियन कॉस्मेटिक्स का सबसे बड़ा बाजार बन गया है। कोरियन प्रोडक्ट्स अब 202 देशों में पहुंच रहे हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 172 थी। जुलाई में NielsenIQ की रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल बाजार में K-Beauty की बिक्री एक साल में 53% और दो साल में 131% बढ़ी है।
इस सफलता के पीछे कोरिया का मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम है। Original Development Manufacturer (ODM) कंपनियां दूसरे ब्रांडों के लिए प्रोडक्ट बनाने के साथ रिसर्च, फॉर्मूलेशन और डिजाइन में भी मदद करती हैं। इससे नए ब्रांड को अपनी फैक्ट्री, लैब और रिसर्च टीम बनाने की जरूरत नहीं पड़ती और शुरुआती निवेश कम हो जाता है। Cosmax और Kolmar Korea दोनों ने 2025 में ओडीएम कारोबार से 1 ट्रिलियन वॉन यानी करीब 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री की।
K-Beauty की लोकप्रियता में लगातार नए प्रोडक्ट और फॉर्मूले की भी भूमिका है। कोरियन कंपनियों ने शीट मास्क, क्लींजिंग बाम, कुशन फाउंडेशन, सन स्टिक, एसेंस और एक्ने पैच जैसे प्रोडक्ट दुनिया भर में लोकप्रिय बनाए। अब स्नेल म्यूकिन, सेंटेला एशियाटिका और पीडीआरएन जैसे इंग्रीडिएंट्स भी चर्चा में हैं। ब्रांड टिकटॉक, इंस्टाग्राम और ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स के जरिए सीधे ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं। कम कीमत पर आकर्षक पैकेजिंग और नए इंग्रीडिएंट्स वाले प्रोडक्ट देने से इन्हें रिपीट सेल्स का फायदा मिलता है।
भारत में भी के-ब्यूटी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। साल 2024 में यह करीब 3700 करोड़ रुपये का था और 2030 तक करीब 14 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, यानी सालाना करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी। भारत में दक्षिण कोरिया के 60 से ज्यादा ब्यूटी ब्रांड मौजूद हैं। बिजनेस वर्ल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक बिक्री में डायरेक्ट टू कंज्यूमर्स यानी डीटूसी की हिस्सेदारी करीब आधी है।
