बदायूं के ककोड़ा मेले में गंगा की रेती पर कल्पवासियों की एक अलग ही दुनिया बसी है। श्रद्धालु और साधु-संत दस दिनों तक घर-परिवार और सुख-सुविधाओं से दूर रहकर संयमित जीवनशैली अपनाते हैं और आत्मशुद्धि तथा ईश्वर आराधना में लीन रहते हैं। मेले में तंबुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और दशकों से साधु-संत यहां प्रवास कर रहे हैं।
गंगा तट पर सत्संग, जप-तप और धार्मिक अनुष्ठानों से सनातन संस्कृति की ध्वनि गूंज रही है। कल्पवासियों की दिनचर्या भोर से पहले शुरू हो जाती है। गंगा स्नान के बाद पूजा-पाठ, जप, ध्यान और धार्मिक चर्चा में समय बीतता है। दिन में सत्संग और शाम को गंगा तट पर दीपदान उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। कई तंबुओं में सामूहिक भजन-कीर्तन भी होते हैं।
कल्पवास की परंपरा कई परिवारों में पीढ़ियों से चली आ रही है। सिलहरी निवासी राम सिंह पटेल के अनुसार उनका परिवार कई पीढ़ियों से मेला ककोड़ा में आ रहा है। कुर्मियान समाज के लोगों के लिए यह मेला पारिवारिक मिलन और धार्मिक उत्साह का अवसर भी है। कासगंज के नगरिया से आईं सीमा सिंह भी परिवार और रिश्तेदारों के साथ गंगा तट पर समय बिताने को विशेष अनुभव मानती हैं।
कार्तिक माह की षष्ठी पर छठ पूजा और गंगा पूजन, अष्टमी पर गोपाष्टमी, अक्षय नवमी, देवोत्थान एकादशी पर भगवान की आराधना और तुलसी विवाह जैसे आयोजन कल्पवास की धार्मिक दिनचर्या को विशेष बनाते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है। स्वामी वासुदेवाचार्य के अनुसार कार्तिक में गंगा स्नान की विशेष महिमा है और मान्यता है कि पांच दिन कल्पवास कर पूर्णिमा पर स्नान करने से भी महीने भर के कल्पवास के बराबर पुण्य प्राप्त होता है।
