गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मारे गए सैन्य जवानों और उनके परिवारों का सोमवार को कोटद्वार के खोह नदी तट पर स्थित मुक्ति धाम में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। भारी संख्या में उमड़े जनसमूह ने मृतकों को अंतिम विदाई दी।

इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी सहित क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों ने जवानों की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए। सोमवार सुबह करीब आठ बजे सभी शव गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के कौड़िया स्थित कैंप में लाए गए, जहां से सेना के विशेष वाहनों द्वारा शवों को पैतृक आवासों में भेजा गया। विधानसभा अध्यक्ष, ब्रिगेडियर विनोद नेगी, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने आवासों में पहुंचकर शवों पर पुष्प अर्पित किए।

दोपहर करीब एक बजे सभी शवों को पूर्ण सम्मान के साथ मुक्ति धाम लाया गया, जहां सैन्य टुकड़ी ने पांच राउंड फायर कर शहीद सौरभ नेगी और राजेश रावत को अंतिम सलामी दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

बताया गया कि शनिवार को द्वितीय गढ़वाल राइफल में तैनात सौरभ नेगी और राजेश रावत परिवार के साथ घूमने के लिए भुज से कच्छ का रण गए थे। वापसी में रात करीब नौ बजे भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें सौरभ और राजेश सहित सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ध्रुव विहार निवासी सौरभ नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30), तीन माह की बेटी शिविका, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) व चार वर्षीय पुत्री वमिका, नायक राजेश रावत और उनकी सात वर्षीय पुत्री रक्षिता शामिल थीं।