कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें यूके जाने से रोक दिया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए जाना था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर ही उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया।

आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक पैनल चर्चा होनी थी, जिसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है और यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है। लिस्टिंग के अनुसार, कॉकरोच मूवमेंट पर चर्चा के लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और सौरव दास के नाम सूची में शामिल थे। यह चर्चा एक दिसंबर को दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच होनी थी।

सौरव दास ने कहा कि उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने सरकार पर भी आरोप लगाया और कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे, लेकिन उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए यूके जाने नहीं दिया गया।

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। CJP ने सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ने उन्हें और सौरव दास, दोनों को आमंत्रित किया था। रत्ना सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था और उन्होंने सौरव दास को रोके जाने को शर्मनाक बताया है।