सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मोटर वाहन कानून के तहत वाहन जब्त करने का अधिकार है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 207 के तहत अधिकृत अधिकारी नियमों के उल्लंघन पर गाड़ी को मौके पर ही जब्त कर सकते हैं। हालांकि, हर नियम टूटने पर गाड़ी सीज नहीं होती। जब्ती से पहले अधिकारी को आधिकारिक रसीद या सीजर मेमो तैयार करना होता है, जिसमें गाड़ी का नंबर, इंजन और चेसिस नंबर, जब्ती की वजह, समय, जगह और गाड़ी में रखे सामान का ब्योरा दर्ज होता है। जब्त वाहन को नजदीकी पुलिस स्टेशन या ट्रैफिक पुलिस के निर्धारित यार्ड में सुरक्षित रखा जाता है।

गाड़ी सीज होने पर पुलिस की दी गई रसीद संभालकर रखें। यह मामला सामान्य ऑन-स्पॉट जुर्माने से आगे बढ़कर वर्चुअल कोर्ट या मजिस्ट्रेट कोर्ट में जाता है। चालान की स्थिति Parivahan पोर्टल पर ऑनलाइन देखी जा सकती है। गाड़ी छुड़ाने के लिए मालिक को चालान कॉपी, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), ड्राइविंग लाइसेंस, वैध इंश्योरेंस पॉलिसी, PUC सर्टिफिकेट और पहचान पत्र की फोटोकॉपी तैयार रखनी होगी।

इसके बाद संबंधित कोर्ट में दस्तावेजों के साथ मजिस्ट्रेट के सामने पेश हों या स्थानीय वकील की मदद लें। अधूरे दस्तावेज पहले पूरे कराएं। मजिस्ट्रेट अपराध की गंभीरता देखकर जुर्माना तय करेंगे और जुर्माना भरने के बाद रिलीज ऑर्डर जारी करेंगे। रिलीज ऑर्डर, जुर्माने की रसीद और दस्तावेज लेकर उस पुलिस स्टेशन या ट्रैफिक यार्ड जाएं जहां गाड़ी खड़ी है। अधिकारी दस्तावेजों और कोर्ट के आदेश का सत्यापन कर रजिस्टर में हस्ताक्षर के बाद गाड़ी सौंप देंगे।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के नियमों के अनुसार DigiLocker या mParivahan ऐप में सुरक्षित डिजिटल दस्तावेज पूरी तरह मान्य हैं और केवल फिजिकल कागज न होने के आधार पर गाड़ी सीज नहीं की जा सकती। यार्ड से गाड़ी लेते समय उसकी बॉडी, टायर, बैटरी और अंदर रखे सामान की जांच कर लें कि कहीं नुकसान तो नहीं हुआ। सामान्य चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस के पास गाड़ी की चाबी निकालने या टायर की हवा निकालने का अधिकार नहीं है, जब तक वाहन सीज करने की प्रक्रिया शुरू न हो जाए।