जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को चारों तरफ से घेर लिया है। आतंकी ने देवसर के जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में शरण ली हुई है।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने मीडियाकर्मियों को बताया कि सुरक्षाबलों ने लतीफ को बार-बार आत्मसमर्पण के लिए समझाने की कोशिश की। उन्होंने खुद वीडियो कॉल पर उससे काफी देर बातचीत की और समझाया कि वह अभी युवा है और उसकी जिंदगी बाकी है, लेकिन वह नहीं माना। एसएसपी के अनुसार, रात करीब 2 बजकर 45 मिनट पर आतंकी ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। मस्जिद के अंदर से गोलीबारी के कारण सुरक्षाबल बेहद संयम बरत रहे हैं और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया जा रहा है।
एसएसपी ने कहा कि सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि आतंकी या तो खुद मस्जिद से बाहर आ जाएगा या फिर अन्य तरीकों से उससे निपटा जाएगा। इस दौरान मस्जिद को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि समय सुरक्षाबलों के पक्ष में है और वे अपनी पोजीशन पर तैनात हैं।
इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लतीफ का साथी और कुलगाम सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल नसीर डार मारा गया था, जबकि लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकला था। अधिकारियों के अनुसार, लतीफ घायलावस्था में है। कुलगाम के अखरन में 11 नवंबर को आतंकी लतीफ बट ने आतंकी उमर निसार के साथ सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी और भाग निकले थे, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि लतीफ के छिपे होने की सूचना पर रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था।
