जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को घेर लिया। अधिकारियों के अनुसार, घेराबंदी के बाद सुरक्षाबलों ने उससे वीडियो कॉल पर संपर्क कर सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा कि वह सरेंडर कर दे और सुरक्षाबल उसके साथ हैं। जवाब में भट ने कहा कि उसे अल्लाह से मिलना है और वह बहुत खुश है। सरेंडर के लिए की गई अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है और आतंकी को जिंदा पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले शुरू हुई। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। यह गांव पहले हुई मुठभेड़ के स्थल से कुछ दूरी पर है। तलाश अभियान के दौरान तड़के सुरक्षाबलों का भट से सामना हुआ, जिसके बाद दोबारा गोलीबारी शुरू हो गई।
लतीफ भट 11 नवंबर को सीआरपीएफ चेकपॉइंट पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। सोमवार को लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार नाम के आतंकवादी को मार गिराया था। अधिकारियों के अनुसार, डार ने कथित तौर पर भट को करीब छह महीने तक पनाह दी और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। माना जा रहा है कि दोनों ने पिछले सप्ताह सीआरपीएफ चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी की थी। भट सोमवार को मुठभेड़ स्थल से बचकर फरार हो गया था।
डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। वह पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ में कथित तौर पर शामिल हुआ था। इसके बमुश्किल एक सप्ताह बाद सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया।
